विकास खंड कौशाम्बी के मढ़ी गांव में तालाब खुदाई करने वाले मजदूरों को माह भर कार्य करने के बाद भी मजदूरी नहीं मिल पा रही है। मजदूरों के मस्टर रोल की फीडिंग नहीं हो पाने से यह समस्या खड़ी हो सकी है। विभाग के एकाउंटेंट का स्थानांतरण होने के बाद दिक्कत और बढ़ गई है। इसे लेकर ग्राम प्रधान ने बीडीओ से शिकायत भी की है।
बीडीओ को दिए गए शिकायती पत्र में मढ़ी ग्राम प्रधान अशोक मिश्र ने आरोप लगाया कि उन्होंने गांव स्थित गोहिया तालाब की खुदाई कराई है। शुरुआत के कुछ दिन की मजदूरी की फीडिंग एकाउंटेंट ने कर दी थी। इसमेें मजदूरों को भुगतान भी मिल चुका है, लेकिन एकाउंटेंट का स्थानांतरण हो जाने के बाद ब्लॉक में फीडिंग का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। लगभग 40 मजदूरों की फीडिंग नहीं होने से उनकी एक माह की मजदूरी अटक गई है। उधर, खाते में मजदूरी नहीं पहुंचने पर आए दिन मजदूर ग्राम प्रधान के घर पहुंच रहे हैं। बीडीओ ने एकाउंटेंट की नियुक्ति होते ही बची हुई मजदूरी फीड कराने का आश्वासन ग्राम प्रधान को दिया है।