कौशाम्बी इंटर कॉलेज, कौशाम्बी में प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। सात सितंबर को होने वाले चुनाव से पहले ही समिति के सदस्य इंद्रजीत सिंह ने प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव का विरोध दर्ज कराया है।
इंद्रजीत सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि प्रबंध समिति में मान्य रूप से केवल 13 सदस्य हैं। इसके बावजूद मौजूदा प्रबंधक ने नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से सदस्यों की संख्या बढ़ा दी है। आरोप है कि प्रबंधक ने 2020 के बाद अपने सगे-संबंधियों को समिति में शामिल कर लिया।
इनमें उनकी बहन, पत्नी, भाई, जीजा, भांजा, भांजी, ससुर और भाई की पत्नी तक को सदस्य बना दिया गया है। प्रबंधक की इस कार्रवाई से समिति का स्वरूप ही बदल गया है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे सदस्यों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराए जाएं। मामले को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी तक शिकायती पत्र नहीं मिला है। मिलता है तो जांच कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खून के संबंध वाले लोगों को सदस्य नहीं बनाया जा सकता। यदि ऐसा हुआ है तो गलत है।