संदीपन घाट कोतवाली के मलहरा रेलवे क्राॅसिंग के पास मंगलवार शाम ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
संदीपनघाट कोतवाली के शेरगढ़ निवासी दिलशाद अहमद (35) की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी। पिता नौशाद ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह बिना कुछ बताए ही घर से निकल गया था। शाम को दिलशाद घूमते-घूमते मलहरा रेलवे क्राॅसिंग के पास पहुंच गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह कानपुर की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से पीड़ित परिवार का हाल-बेहाल है।