अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, मजदूर की मौत, तीन घायल
मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के कुम्हियांवा गांव के समीप सरिया लादकर चित्रकूट के राजापुर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे एक मजदूर की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुम्हियांवा बाजार का एक ट्रैक्टर सरिया लादकर सोमवार को राजापुर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर नाबालिग चला रहा था। ट्रैक्टर के बोनट पर मजदूर कल्लू पुत्र महावीर बैठा था। इस दौरान अनियंत्रित होने से ट्रैक्टर पलट गया। इससे कल्लू और तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।