फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूंदाबादी के साथ मौसम बना जानलेवा

Sun, 14 Dec 2014 12:16 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
मंझनपुर/सिराथू। दोआबा में शनिवार को अचानक मौसम बदल गया। दिनभर धूप गायब रही। सुबह बूंदाबांदी भी हुई। वहीं दिनभर भीषण शीतलहर चलती रही। इससे दिन का तापमान भी 8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जिससे दिनभर लोग ठंड के कारण कांपते रहे।  शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बाद भी जिले में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर अलाव का इंतजाम नहीं किया जा सका। जबकि जिले में कंबल और अलाव की व्यवस्था के लिए शासन की ओर से 15 लाख रुपये मिल चुका है।
विज्ञापन


कौशाम्बी में ठंड अपने पांव पसारने लगी है। हफ्तेभर तक कोहरे के कहर के बाद शनिवार की सुबह अचानक हुई बूंदाबांदी से मौसम और विकराल हो गया। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। धूप नहीं खिलने और तेज शीतलहर के कारण शनिवार को दिन का तापमान भी 24 से गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे दिनभर कड़ाके की ठंड का प्रकोप बना रहा। शीतलहर के कारण दिनभर  ज्यादातर लोग घरों में ही दुबके रहे। वहीं मजबूरी में जिन्हें बाहर निकलना पड़ा। उन्होंने खुद को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए स्वेटर, जैकेट, शाल, मफलर का सहारा ले रखा था। उधर सर्दी का प्रकोप बढ़ने से बाजारों में गरम कपड़ों की खरीद-फरोख्त एकाएक बढ़  गई है।

कृषि विज्ञान केंद्र कौशाम्बी के मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को जिले में करीब 2 मिलीमीटर बारिश हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने बताया कि अभी दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। साथ ही उन्होंने अनुमान जताया कि अगले 24 घंटे में 5-8 एमएम बारिश और हो सकती है। उधर, बूंदाबांदी और तेज शीतलहर के कारण दिनभर जनजीवन प्रभावित रहा। इसके बाद भी मंझनपुर, सिराथू, चायल, भरवारी, करारी, मूरतगंज, सरायअकिल, अजुहा, सैनी समेत कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। जबकि जिले में ठंड से गरीबों को बचाने के लिए कंबल वितरण और अलाव के लिए शासन की ओर से 15 लाख रुपये का आवंटन किया गया है। फिर भी अब तक किसी भी गरीब को कंबल नहीं वितरित किया जा सका है। मामले में एडीएम रामसूरत पांडेय ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों को अलाव जलवाने के लिए 25-25 हजार रुपये की पहली किश्त भेजी जा चुकी है। सभी एसडीएम और तहसीलदारों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था का निर्देश भी दिया गया है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें