मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मुंशी, मौलवी आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराई जाएगी। इसे लेकर शनिवार को सीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने मातहतों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने मातहतों को सख्त हिदायत दी कि हर हाल में नकल विहीन परीक्षा होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने 11 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी है।
मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मुंशी, मौलवी आलिम, कामिल व फाजिल वर्ष 2017 की परीक्षा 25 अप्रैल से आठ मई तक होगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने शनिवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में बैठक की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने परीक्षा में लगाए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों व अन्य संबंधित लोगों को निष्पक्ष, पारदर्शी व नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा परीक्षा के लिए कुल 11 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बैठक में मौजूद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी केके त्रिपाठी ने कहा कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने का दायित्व केंद्र व्यवस्थापकों का होगा। परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र या अध्यापक के पास मोबाइल मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान विद्यालय का प्रमुख गेट खुला रखना होगा। उन्होंने बताया कि आकस्मिक निरीक्षण के लिए सचल दस्ता बनाया गया है, जो किसी भी केंद्र पर पहुंचकर नकल पर नकेल कसेगा। बैठक में डीआईओएस अशोक कुमार सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिवनारायण सिंह, वीरबहादुर सिंह व संबंधित केंद्रों के प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापकगण मौजूद रहे।