कोतवाली के अगियौना मोड़ के पास बुधवार रात दो बाइक की भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार रसोई गैस हाॅकर की मौत हो गई। जबकि, दूसरा बाइक सवार भाग निकला।
अगियौना गांव का राजेंद्र प्रसाद यादव (39) कस्बा स्थित अथर्व गैस एजेंसी में हाॅकर का काम करते थे। बुधवार रात वह गैस एजेंसी से घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तकरीबन साढ़े नौ बजे रात अगियौना मोड़ के आगे विंदास नगर गांव के पास सामने से आ रहे दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। जोरदार टक्कर लगने से एक बाइक पर सवार राजेंद्र छिटक कर दूर जा गिरे। लोग दौड़कर वहां पहुंचे, लेकिन दूसरा बाइक सवार भाग निकला।
सिर पर चोट लगने से गंभीर राजेंद्र को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलते ही राजेंद्र के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। शव पोस्टमार्टम भेजने के साथ ही पुलिस आरोपी बाइक सवार की तलाश में जुट गई है।
-