घर से भागे प्रेमी युगल ने किया किया खुदकुशी का प्रयास
- मरधरा गांव के समीप रेलवे लाइन किनारे मिले जख्मी
- ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। घर से भागे प्रेमी युगल ने रविवार सुबह मरधरा गांव के समीप ट्रेन से कटकर जान देने का प्रयास किया। ट्रेन की टक्कर लगने से दोनों को काफी चोट आई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद दोनों की हालत सामान्य है। मामले में किसी भी पक्ष से पुलिस को तहरीर नहीं दिया गया है।
कोखराज इलाके के एक गांव में रहने वाला युवक प्रयागराज में मजदूरी करता है। युवक का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह लोग शादी करना चाह रहे थे। बिरादरी अलग होने के कारण परिवार के लोग रिश्ते को लेकर राजी नहीं थे। सात दिन पहले युवक संदिग्ध हालत में लापता हो गया। रविवार सुबह मरधरा गांव के समीप रेलवे लाइन पर युवक व युवती जख्मी हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर है। कोखराज इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है मामले में किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं दी है। माना जा रहा है दोनों खुदकुशी के लिए ट्रेन के सामने कूदे होंगे।