सदर इलाके के एक गांव में रहने वाली युवती ने प्रेमी के शादी से इन्कार के बाद खुदकुशी कर ली। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ खुदकुशी के लिए विवश करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी को कादिराबाद गांव के अजीत ने शादी का झांसा दिया था। इसकी जानकारी जब दोनों के परिवारवालों को हुई तो बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने फैसला सुनाया कि प्रेमी युवती के साथ शादी करेगा।
इसके बाद प्रेमी युवक तीन मई को उसे अपने घर भी ले गया। पांच मई को अजीत फिर से युवती को उसके घर छोड़ आया।
इसके बाद दोबारा बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। फिर भी बात नहीं बनी। अजीत के शादी से इन्कार करने से क्षुब्ध होकर युवती ने उसी दिन फंदे से लटककर जान दे दी। बेटी की खुदकुशी मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।