मंझनपुर के मलकिया गांव के समीप अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार बाइक गड्ढे में पलट गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ रहे युवक की हालत नाजुक बनी है। मंझनपुर के निजी अस्पताल में उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। बाइक चालक युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
सदर के साहिदाबाद मजरा नारा निवासी रफीक ने बताया कि उसका भतीजा नियाज (18) मंझनपुर में गाड़ी धुलाई सेंटर चलाता था। शनिवार को काम समाप्त करने के बाद वह गांव के ही अपने साथी अब्दुल हई के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
मलकिया गांव के समीप अचानक तेज रफ्तार से बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में चली गई। हादसे में दोनों के सिर व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
आस-पास के दुकानदार मौके पर पहुंचे तो देखा कि नियाज का शरीर शांत हो चुका था। अब्दुल सिसकियां ले रहा था। आननफानन में लोगों ने पुलिस व परिवार वालों को खबर दी। परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
अब्दुल हई को इलाज के लिए मंझनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि अब्दुल को वेंटीलेटर सपोर्ट दिया जा रहा है।