मस्जिदों पर तेज आवाज में बज रहे लाउडस्पीकरों से आमजन परेशान हैं। रविवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण की शिकायतें सामने आईं। एक मामले में पुलिस ने बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर जब्त कर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दूसरे मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज जांच कर कार्रवाई की बात कही गई है।
पहला मामला कड़ाधाम थाना क्षेत्र के ग्राम निजाम का पुरवा का है। एफआईआर के मुताबिक, रविवार शाम करीब चार बजे उपनिरीक्षक राकेश राय भ्रमण पर थे। इसी दौरान मस्जिद से तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाई जा रही थी।
टीम मौके पर पहुंची तो मस्जिद में दो लाउडस्पीकर और एक माइक मशीन लगी मिली। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नौशाद हसन (41) निवासी अकबरपुर सिपाह बताया। आरोपी अनुमति पत्र का कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों लाउडस्पीकर और माइक मशीन जब्त कर नौशाद हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
दूसरा मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के पश्चिम कोडर गांव का है। यहां के निवासी भुस्सू पुत्र स्व. रामदुलारे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि शनिवार शाम करीब चार बजे मंझनपुर बाजार में जामा मस्जिद पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाई जा रही थी।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार
तीसरा मामला थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र के ग्राम अषाढ़ा का है। यहां चौकीदार कंधई लाल निवासी अषाढ़ा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे मस्जिद में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाई जा रही थी। कई बार शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ। पुलिस ने मस्जिद की देखरेख करने वाले इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सार्वजनिक स्थल पर लाउडस्पीकर का प्रयोग बिना अनुमति के प्रतिबंधित है। इसलिए कार्रवाई की गई है। आगे भी जहां भी मामला संज्ञान में आएगा कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, एसपी