सिराथू-पइंसा। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के घटमापुर गांव के समीप गुरुवार की शाम एक निजी कंपनी के एजेंट को तमंचा सटाकर बदमाशों ने बाइक लूट लिया। बाइक की डिग्गी में 59 हजार रुपये व एक टैब भी रखा था। पीड़ित की सूचना पर पुलिस लुटेरों की धरपकड़ में जुटी रही। पर, सफलता नहीं मिल सकी। सरेराह हुई लूट की वारदात से इलाके में दहशत है।
भदोही निवासी आशीष पांडेय एक निजी कंपनी में बतौर एजेंट काम करता है। आशीष का कहना है कि वह गुरुवार शाम पइंसा कोतवाली के घटमापुर गांव के समीप लघुशंका करने के लिए उसने सड़क किनारे बाइक रोकी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसे तमंचा सटाकर बाइक की चाबी छींन लिया। विरोध करने का प्रयास किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। आशीष का कहना है कि वह धाता से 59 हजार रुपये की वसूली कर लौट रहा था। वसूली का पैसा और एक टैब बाइक की डिग्गी में रखा था। बाइक के साथ लुटेरे वह भी लूट ले ले गए। पीड़ित ने वारदात की सूचना जरिए मोबाइल पुलिस को दी। एसपी के निर्देश पर सीओ सिराथू रामवीर सिंह, एसओ पइंसा योगेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की तफ्तीश की। समाचार भेजे जाने तक पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी थी।