पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्रीय और राज्य कर्मचारी बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते जिले में एक तिहाई बैंकों के ताले नहीं खुले। इससे करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ। लेनदेन नहीं होने से ग्राहक परेशान रहे। मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी एवं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने पुरानी पेंशन बहाली समेत चार सूत्रीय मांग को लेकर दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा कर रखी थी। आल इंडिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन के सदस्यों वाली बैंक शाखाओं के ताले बंद रहे। एलडीएम दिनेश मिश्र ने बताया कि जिले में संचालित विभिन्न बैंकों की 114 शाखाओं में एक तिहाई ने ही हड़ताल के समर्थन में बंदी रखी। एसबीआई की सभी 22 शाखाओं में नियमित तौर पर काम हुआ। बड़ौदा और ग्रामीण बैंक की भी कुछ शाखाओं को छोड़कर बाकी में काम हुआ। फिर भी लगातार दो दिन की हड़ताल के कारण करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। उधर, मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को भी अपनी हड़ताल जारी रखी। हड़ताल के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव, जनपद मंत्री सतीश मिश्र, गुरु प्रसाद, राजकुमार मौर्या, सतीश कुमार सिंह, सुखराज भारतीय, राजकुमार पाल आदि लोग मौजूद रहे। दूसरी तरफ सरकारी दफ्तर तो खुले। पर, कर्मचारियों की संख्या कम थी। दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों ने भी अपेक्षित काम नहीं किया। इसके चलते काम के सिलसिले में दूरदराज से आने वाले फरियादियों को मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा। जिले के कई कर्मचारी नेता प्रयागराज में बुलाई गई संगठन की बैठक में शामिल हुए।