हिसामबाद गांव का फुंका ट्रांसफार्मर: फोटो स्रोत ग्रामीण
विद्युत उपकेंद्र गोपसहसा क्षेत्र के हिसामबाद गांव में बृहस्पतिवार दोपहर तेज आंधी-बारिश के बीच बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर खराब हो गया। इससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
दोपहर के समय अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली गिरने से ट्रांसफाॅर्मर में फॉल्ट आ गया और आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से गांव में पेयजल, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो गए।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित जेई को दी, लेकिन शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। गांव के उपभोक्ता राजभवन मिश्र, अमृतलाल मिश्र, संतोष, विवेक पांडेय और सौरभ पांडेय समेत अन्य लोगों ने विभाग से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।
वहीं, जेई शंकर लाल ने बताया कि खराब ट्रांसफाॅर्मर को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि मरम्मत संभव नहीं हुई तो अगले दिन नया ट्रांसफाॅर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।