अधांवा गांव स्थित खाद की दुकान में निरीक्षण करते अधिकारी। स्रोत: प्रशासन
किसानों को उचित दर पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कृषि विभाग की टीम ने खाद विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर दो दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। जबकि सात दुकानदारों को नोटिस जारी की है।
उप कृषि निदेशक सतेंद्र कुमार तिवारी ने पश्चिमशरीरा, टेवां, बैरमपुर एवं महेवाघाट में दुकानों का निरीक्षण किया। वहीं जिला कृषि अधिकारी और उप-संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी अभयराज गुप्ता ने सिराथू, शहजादपुर और कल्यानपुर में खाद दुकानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों की ओर से स्टॉक बोर्ड न लगाने, स्टॉक रजिस्टर अधूरा रखने, रसीद न देने और अधिक मुनाफा जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इस पर विभाग ने दो दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया और सात दुकानदारों को नोटिस जारी की है। पश्चिमशरीरा स्थित शारदा प्रसाद एंड ब्रदर्स उर्वरक विक्रेता की ओर से किसान विश्वनाथ से चार बोरी डीएपी के 5400 रुपये के स्थान पर 6500 रुपये वसूलने की शिकायत पर उप-कृषि निदेशक ने मौके पर ही 1100 रुपये वापस कराए।