उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर फतेहपुर में 2024 बैच के लेखपाल सुधीर कुमार की मौत को लेकर जिलेभर की प्रत्येक तहसील परिसर में लेखपालों ने शुक्रवार को धरना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम अरुण कुमार को सौंपा। उन्होंने कहा कि आरोपी केे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह पाल ने बताया कि फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली के बागबादशाही खजुहा निवासी सुधीर कुमार की शादी 26 नवंबर 2025 को प्रस्तावित थी। खुद की शादी के लिए वह अवकाश की मांग रहे थे लेकिन तहसील प्रशासन ने एसआईआर ड्यूटी का हवाला देते हुए छुट्टी देने से मना कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि शादी की तैयारी और लगातार कार्य के दबाव के बीच बीते 22 नवंबर को एसआईआर की बैठक में अनुपस्थित रहने पर उसे ईआरओ संजय कुमार सक्सेना ने निलंबित कर दिया था। उन्होंने मांग की कि आरोपी का नाम नामजद के रूप से शामिल किया जाए। साथ ही मृतक लेखपाल की माता को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि कर्मचारियों पर अनावश्यक तनाव न पड़े। एसआईआर कार्यों में लगे लेखपालों को एक माह के वेतन के बराबर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाए।
लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम अरुण कुमार को सौंपा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष रितेंद्र सिंह, दीपक सिंह, रबी सिंह, योगेंद्र सिंह, गोविंद कुमार, राजेश्वर सिंह, शिव शंकरपाल उपाध्याय और रवि विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।