कोखराज इलाके की एक युवती पड़ोसी गांव के युवक के झांसे में आकर मुंबई जाने के लिए घर-परिवार छोड़ आई। प्रेमी युवक संग मुंबई जाने के लिए वह उससे पहले ही भरवारी आ गई। दिनभर इंतजार के बाद वह दगाबाज नहीं आया तो वह रोने लगी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाया और उसे वापस घर भेज दिया।
कोखराज क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि पड़ोसी गांव के युवक से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीबी बढ़ने पर दोनों ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया। वायदे के मुताबिक सोमवार की सुबह युवती घर-परिवार छोड़ मुंबई जाने के लिए भरवारी कस्बे में तय स्थान पर आ गई।
सुबह से शाम हो गई, लेकिन उसका प्रेमी नहीं आया। रात होने लगी तो युवती एक दुकान पर जाकर रोने लगी। दुकानदार ने मामले की जानकारी ली। दुकानदार ने मामले की जानकारी डायल 112 को देने के साथ ही भरवारी चौकी पुलिस को दी। सूचना पर आई पुलिस ने युवती से पूछताछ करने के बाद परिजनों को बुलाया। समझाने के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन उसे घर ले गए।
युवती को बहला ले गया युवक, शिकायत
कोतवाली क्षेत्र की युवती को एक युवक बहला ले गया। पीड़ित पिता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे उसकी 18 वर्षीय बेटी खेत की तरफ चारा काटने गई थी। तभी मंझनपुर क्षेत्र का एक युवक उसे बहला ले गया। खोजबीन के बाद भी युवती का सुराग नहीं लगने पर पीड़ित पिता ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की।