जिला अस्पताल में खड़ी लाश गाड़ी।
- फोटो : amar ujala
जिला अस्पताल को दो माह पहले शासन ने शव वाहन उपलब्ध कराया था। इस वाहन का इस्तेमाल अस्पताल प्रशासन नहीं कर रहा है। इससे मृतकों के परिजनों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और मजबूरन उन्हें निजी एंबुलेंस से शव ले जाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें काफी रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
जिला अस्पताल को मिला शव वाहन गैरेज में खड़ा है। जब से यह वाहन आया है इसे बाहर नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि इसे जान बूझकर गैरेज में खड़ा किया गया है। इसका लाभ निजी एंबुलेंस वाले उठा रहे हैं। किसी की मौत होने पर वे एंबुलेंस से शव घर अथवा पोस्टमार्टम हाउस लेकर लाते हैं। एंबुलेंस वाले मुंहमांगी रकम लेते हैं। यही कारण है कि अस्पताल में दो से तीन निजी एंबुलेंस दिन भर खड़ी रहती हैं जबकि निजी एंबुलेंस अस्पताल परिसर के भीतर प्रतिबंधित है।
शव वाहन अब तक किसी को नहीं मुहैया कराया गया। इससे मृतकों के परिजनों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सीएमएस डॉ. दीपक सेठ का कहना है कि शव वाहन आ गया था लेकिन चालक उपलब्ध नहीं था। अब चालक मिल गया है। शव वाहन का इस्तेमाल किया जाएगा।