करारी। क्षेत्र के धनपरा गांव में मंगलवार सुबह जमीन के विवाद के चलते दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। इससे सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर घायलों को भर्ती करा दिया। बताया जाता है कि धनपरा निवासी घनश्याम पुत्र रामऔतार का पड़ोसी सुखराम से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती रहती है।
मंगलवार सुबह भी बहस होने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। घनश्याम, अरुण कुमार, दिलीप, श्यामकली व गुजराती आदि घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्षे के सुखराम और सुखरानी आदि घायल हो गए।ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती करा दिया। मामले में करारी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मेडिकल के रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।