मृतक पड़ोसी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़े करके जालसाजी से वसीयत लिखाना पल्टीपुर गांव के 3 व्यक्तियों को मंहगा पड़ा है। अदालत के आदेश पर इस मामले में सैनी कोतवाली पुलिस ने इन व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।
सिराथू तहसील क्षेत्र के पल्टीपुर गांव निवासी मुन्नीलाल ने बताया कि सात साल पहले उसके पिता केदारनाथ की मौत हो चुकी है।आरोप है कि मौत के बाद गांव के ही जालसाजों ने उसकी पैतृक जमीन हथियाने के लिए उनके स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा करके वसीयत लिखा ली। इस फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर मुन्नीलाल ने एसडीएम सिराथू के साथ ही सैनी कोतवाली पुलिस से शिकायत की।
आरोप है कि कई बार प्रार्थनापत्र देने के बाद भी तहसील और कोतवाली में उसकी सुनवाई नहीं की गई। अफसरों और इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को सैनी कोतवाली पुलिस ने गांव के ही रहने वाले जीतलाल, संतोष कुमार, शिवबाबू के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, एफआईआर होने से जालसाजों के होश उड़े हैं।