3.49 लाख का बाउंस चेक देकर बैनामा करा ली जमीन
- कड़ा कोतवाली के टेंढ़ीमोड़ गांव का किसान हुआ ठगी का शिकार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कड़ा कोतवाली क्षेत्र के टेंढ़ीमोड़ में रहने वाले एक किसान को जालसाज ने 3.49 लाख रुपये की बाउंस चेक दे दी। इसके बाद उसकी बेशकीमती भूमि का अपने नाम बैनामा करा लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टेंढ़ीमोड़ निवासी अतुल साहू किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि सैनी इलाके के गोदामपर में रहने वाले आकाश मौर्य के हाथ उसने अपनी भूमि का पांच लाख रुपये में सौदा किया था। 12 फरवरी 2019 को आकाश ने 3.49 लाख रुपये की चेक दे दी। बाकी रकम नगद देकर भूमि का बैनामा करा लिया। बाद में बैंक में लगाने पर खाते में रुपये नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गई। इसकी जानकारी होते ही पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित का कहना है कि धोखाधड़ी की शिकायत तभी उसने स्थानीय पुलिस से की थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। शुक्रवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।