दुबई भेजने के लिए भिंडी की पैकिंग कराते अंकित। स्रोत- स्वयं
कौशाम्बी की भिंडी व करेला दुबई के लोगों की थाली में सजेगा। चायल तहसील के महंगूपुर के किसान अनूप सिंह के बेटे अंकित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सब्जियों का कारोबार शुरू किया है। उन्होंने सीजन की पहली खेप बृहस्पतिवार को भेजी है। जो शनिवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे दुबई पहुंच गई है। यहां से 11 क्विंटल भिंडी व करेला 44 सौ डिब्बों में पैक कर भेजा गया है।
महगूपुर निवासी अंकित सिंह प्रयागराज से बीएससी एग्रीकल्चर तृतीय वर्ष के छात्र हैं। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सब्जियों का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने किसान उत्पादक संगठन एवं औद्योगिक विपणन सहकारी समिति चायल के किसानों से सात क्विंटल भिंडी व चार क्विंटल करेला खरीद कर दुबई भेजी थी। यहां 30 रुपये की दर से भिंडी व 60 रुपये की दर से मिलने वाले करेले की कीमत दुबई में दोगुने से अधिक है।