सरसवां पीएचसी में आधुनिक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बदलते मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है लेकिन जांच उपकरण न होने के कारण चिकित्सकों को उन्हें अन्य केंद्रों या निजी लैब पर भेजना पड़ रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने इस गंभीर स्थिति की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दी है। उन्होंने पत्र भेजकर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कार्यों के लिए सात आवश्यक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। इनमें ईएसआर एनालाइजर, यूरोमीटर, कोएगुलेशन मशीन, बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर-सिलेक्टरा, ब्लड मिक्सर, सीबीसी मशीन (फाइव पार्ट) और इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर शामिल हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि जांच उपकरणों की कमी के चलते मरीजों का उपचार बाधित हो रहा है। वहीं, ग्रामीण मरीजों को निजी लैब में जांच कराने के लिए न सिर्फ लंबा सफर तय करना पड़ता है बल्कि अधिक खर्च भी उठाना पड़ता है।
कई बार मरीज पैसों के कारण से जांच ही नहीं करा पाते, जिससे उनकी बीमारी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सरसवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध कराए जाएं ताकि ग्रामीणों को समय पर और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच मशीनों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजा गया है। उपकरण मिलते ही सभी जांचें शुरू कर दी जाएंगी। - डॉ. प्रसून जायसवाल, केंद्र प्रभारी