क्षेत्र के कसेंदा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और अन्य साथी मजदूर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा चायल के गांधी नगर मोहल्ला निवासी लालचंद्र (30) पुत्र सुंदर लाल चायल स्थित एक इंटरलाकिंग ईंट फैक्ट्री में मजदूरी करता था। सोमवार सुबह वह ट्राली में ईंट लादकर अन्य मजदूरों के साथ प्रयागराज के कादिलपुर की ओर जा रहा था।
कसेंदा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्राली से नीचे सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, ट्राली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया और लालचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। पिपरी थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए हैं। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दो साल पहले बड़े भाई की ईंट भट्ठे में झुलसकर हुई थी मौत
गांधी नगर मोहल्ला निवासी पिता सुंदर लाल ने बताया कि दो साल पहले उनका भरा पूरा परिवार था। चार बेटे और चार बेटियों के साथ जीवन खुशी से बीत रहा था, लेकिन दो साल में एक के बाद एक हादसों ने सब कुछ बदल दिया। लालचंद्र के बड़े भाई रामजी दो साल पहले परदेश में ईंट भट्ठे पर झोंकाई का काम करता था। काम के दौरान अचानक आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक लाल चंद्र की फाइल फोटो,