31 दिसंबर को जब देश नए साल का जश्न मना रहा था, तब कौशाम्बी का कृष्णन देश का परचम लहरा रहा था। कृष्णन ने पश्चिमबंगाल में दक्षिण कोरिया में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ट्रायल में गोल्ड जीत लिया था। उसके साथ कौशाम्बी की कोमल व दीपाली ने रजत और कांस्य पदक जीता। इन मासूमों ने नए साल का आगाज ऐसा किया कि पूरा कौशाम्बी झूम उठा।
कौशाम्बी की उम्मीदों पर पवैया प्राथमिक विद्यालय के छात्र खरे उतरे। दक्षिण कोरिया में होेने वाली इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए पवैया प्राथमिक विद्यालय के सात छात्रों की टीम लेकर प्रशिक्षक व प्रधानाध्यापक हीरालाल एम कैथल 28 दिसंबर को पश्चिमबंगाल के परूवा के राधारानी इंटर कालेज गए थे। वहां देश के सभी राज्यों से खिलाड़ी ट्रायल के लिए आए थे। 31 दिसंबर की शाम से पवैया के छात्रों ने अपना जलवा दिखाना शुरू किया।
कृष्णन के साथ कोमल व दीपाली ने एक के बाद एक खिलाड़ियों को जूड़ो-कराटे व ताइक्वांडो में मात देना शुरू कर दिया। आधी रात को कृष्णन ने कौशाम्बी का मान रखते हुए देश में परचम लहरा दिया। कृष्णन ने गोल्ड जीता तो कोमल ने रजत व दीपाली ने कांस्य जीता। प्रशिक्षक हीरालाल एम कैथल का कहना है कि संभावना है कि कोमल भी दक्षिण कोरिया में इंटर नेशनल स्पोर्ट का हिस्सा होगी।