Kovid investigation of 1659 suspects, 20 found infected
- फोटो : KAUSHAMBI
दोआबा में कोरोना का कहर जारी है। बृहस्पतिवार को भी 24 घंटे के दौरान 20 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गईं हैं।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए बृहस्पतिवार को भी जिले भर में शिविर लगाकर 1659 संदिग्धों की कोविड जांच की गई। इनमें से 1086 एंटीजेन टेस्ट किया गया। जबकि 573 का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयागराज स्थित लैब भेजा गया।
बीते 24 घंटे के भीतर विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले 20 लोग पॉजिटिव निकले हैं। इस दौरान अच्छी बात ये रही कि पहले से संक्रमित 11 मरीज ठीक भी हुए हैं। इस तरह से जिले में अब तक मिले 1931 संक्रमितों में 1755 हुए स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल 152 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।