Kovid-19 vaccine dry run at six centers in Doaba
- फोटो : KAUSHAMBI
मंगलवार को कोविड-19 वैक्सीनेशन का मॉकड्रिल किया गया। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने पीएचसी मंझनपुर स्थित टीकाकरण केंद्र पर सुबह 10 बजे फीता काटकर मॉकड्रिल का शुभारंभ किया। पूर्वाभ्यास के दौरान केंद्रों पर कुछ खामियां भी मिलीं। कई कर्मचारियों को वैक्सीनेशन के माइक्रोप्लान की जानकारी नहीं होने की वजह से दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। शाम को सीएमओ ने जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक कर मॉकड्रिल की समीक्षा की। इस दौरान आई दिक्कतों को दुरुस्त कने के लिए रणनीति बनाई गई।
कोविड-19 के वैक्सीनेशन में किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए शासन के निर्देश पर मंगलवार को टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (मॉकड्रिल) किया गया। मॉकड्रिल के लिए जनपद में छह केंद्र चयनित कर नोडल अफसरों की तैनाती की गई थी। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने पीएचसी मंझनपुर स्थित केंद्र पर फीता काटकर मॉकड्रिल का शुभारंभ किया।
यहां पर एसीएमओ डॉ. जेपी साहू, एमओआईसी डॉ. अरुण पटेल की देखरेख में 25-25 लोगों के साथ दो सत्रों में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। इसी तरह सीएचसी इस्माइलपुर (कड़ा) के नोडल अफसर डीएलओ डॉ. आशाराम प्रसाद, सिराथू में नोडल अफसर डिप्टी सीएमओ डॉ. हिंदप्रकाश मणि, सीएचसी आलमचंद्र में डीटीओ डॉ. एसके झा, चायल में एसीएमओ डॉ. बीके सिंह व नेवादा में डिप्टी सीएमओ डॉ. छवि जौहरी की देखरेख में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को चिह्नित केंद्रों पर 12 सत्रों में 300 लोगों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया। बाद में सीएमओ ने अपने कार्यालय में जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक कर मॉकड्रिल अभियान की समीक्षा की। इस दौरान आई समस्याओं को दुरुस्त करने की रणनीति तय की गई।
प्रत्येक केंद्र पर बनाए गए थे तीन कक्ष
मंझनपुर। वैक्सीनेशन के लिए प्रत्येक केंद्र पर तीन-तीन कमरे बनाए गए थे। सबसे पहले प्रवेश गेट पर लाभार्थियों का पहचान पत्र देख कर उन्हें वेटिंग रूम में बिठाया गया। उसके बाद सभी का वैक्सीनेशन रूम में सत्यापन किया गया। वैक्सीन लगाने के बाद उनको वेरिफिकेशन कार्ड दिया गया और उसके बाद सभी को निरीक्षण रूम में बिठाया गया। सीएमओ ने बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य माइक्रोप्लान समझाना और कमियों को जानना था। कई सेंटरों पर कुछ खामियां मिली हैं जिन्हें दूर करने के लिए माइक्रोप्लान की जानकारी दोबारा शिविर के जरिए दी जाएगी।
Kovid-19 vaccine dry run at six centers in Doaba- फोटो : KAUSHAMBI