ग्रामीणों ने सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि 27 जून को भी इससे पहले की गई शिकायत और जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को सैकड़ाें ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम मंझनपुर से की। एसडीएम ने ग्रामीणों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
सदर तहसील के मकदूमपुर ढोकसहा के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ आवाज बुलंद की है। गांव के भइया लाल, कमलेश कुमार, सांई बाबा, रामराज, नेक पाल, मैकू, सोमनाथ, जगजीत कुुमार, बुधई लाल, मैकू लाल, देव प्रयाग, दुखी, भैरव आदि का कहना है कि महिला कोटेदार का पति गरीबाें को नियमित राशन न देकर बाजार में बेच देता है।
विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो जाता है। जिसकी शिकायत 27 जून को ग्रामीणों ने जिलापूर्ति अधिकारी से की थी। पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को ग्रामीणों ने तहसील मंझनपुर में शिकायत करते हुए दुकान निरस्त किए जाने का प्रार्थना पत्र एसडीएम को सौंपा। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।