संदीपनघाट कोतवाली के पल्हाना स्थित गंगा घाट में मंगलवार सुबह छोटे भाई के साथ स्नान करने गया किशोर गहरे पानी में समा गया। बड़े भाई को पानी में डूबता देख किशोर ने शोर मचाया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने गोताखोर व स्थानीय मछुआरों की मदद से जाल डलवाकर किशोर की तलाश कराई, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिल सकी।
मूरतगंज निवासी कमलेश कुमार मुंबई में रहकर रोजगार करता है। घर में उसकी पत्नी दो बेटे अनूप (15), अंकुश (12) व बेटी के साथ रहती है। मंगलवार सुबह अनूप छोटे भाई अंकुश के साथ गंगा स्नान के लिए पल्हाना स्थित गंगा घाट गया था। नहाते वक्त अनूप गहरे पानी में चला गया। अनूप को पानी में डूबता देख उसके साथ रहे अंकुश ने शोर मचाया तो घाट में मौजूद गोताखोर व मछुआरे पानी में कूद पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी आ गई। शाम तक अनूप का कुछ पता नहीं चल सका था। घटना से पीड़ित परिवार का हाल बेहाल है। परिवार के लोग घाट पर पुलिस की हर गतिविधि पर टकटकी लगाए बैठे हैं। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार का कहना है गोताखोरों से नदी में लापता हुए किशोर की तलाश कराई जा रही है। जाल भी डलवाया गया है। शाम तक सफलता नहीं मिली है। अगर किशोर का अब भी पता नहीं चलता तो जल पुलिस की मदद ली जाएगी।