पिपरी कोतवाली के नौवापुर स्थित लसोड़ा मोड़ के पास ऑटो पलटने से घायल हुए खोया व्यापारी की मंगलवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंहपुर गांव निवासी चंद्रमा पटेल (45) पुत्र दुखी लाल किसानी और पशुपालन के साथ खोया का कारोबार करते थे। परिजनों के मुताबिक तीन महीने पहले वह कस्बा चायल से ऑटो में सवार होकर मनौरी बाजार खोया बेचने जा रहे थे। नौवापुर गांव के लसोड़ा चौराहे के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में ऑटो पलट गई, हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चला। हालत में कुछ सुधार होने पर बाद में तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार जारी था। मंगलवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें फिर प्रयागराज ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्होंने दम तोड़ दिया।