सिराथू। बुधवार को सैनी कोतवाली क्षेत्र के चकिया मार्ग पर स्कूली वैन के ऊपर बिजली की तार टूटकर गिर गई। शार्ट सर्किट से टूट कर गिरी तार में करंट प्रवाहित होने से अफरातफरी मच गई। चालक सकुशल गाड़ी निकालकर 15 बच्चों की जिंदगी बचा ली।
यूपी कॉन्वेंट कल्यानपुर की स्कूल वैन रोजाना की तरह बुधवार की सुबह आठ बजे बच्चों को लेकर चकिया गांव जा रही थी। रास्ते में स्थानीय एक कारोबारी ने बिजली की एलटी लाइन में में कटिया लगा रखी थी। जैसे ही बच्चों से भरी वैन वहां पहुंची अचानक शार्ट-सर्किट से तार टूटकर गाड़ी के ऊपर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने स्पीड बढ़ाकर गाड़ी को किसी तरह से बाहर निकाला। हादसे के वक्त वैन में 15 बच्चे सवार थे। चालक उमाकांत मिश्र का कहना है कि ऊपर वाले ने ही बच्चों की जान बचाई है।