मंझनपुर। दोआबा की सभी ग्राम सभाओं में पंचायत चुनाव को लेकर रस्साकसी शुरू हो गई है। इस बीच पुलिस ने भी अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी हैं। खाकी वाले गंवई सियासी रंजिशों को खंगालने में जुट गए हैं। पुलिस का कहना है कि हमारी पड़ताल में जिसे अधिक खतरे की आशंका हुई , उसकी सुरक्षा का मुकम्मल इंतजाम किया जाएगा। वहीं, जानमाल का खतरा उत्पन्न करने की जिससे संभावना होगी, उसके खिलाफ पहले से ही कार्रवाई कर दी जाएगी।
कौशाम्बी जिले में 453 ग्राम सभाएं हैं। शासन के निर्देश पर जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण आदि की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, पुलिस विभाग भी चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी से ही चौकन्ना हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि गांवों में पता किया जा रहा है कि प्रधानी के उम्मीदवारों, प्रधानों व पूर्व प्रधानों की किस हैसियत के व्यक्ति से किस स्तर की रंजिश है। यानी रंजिश में वह किस तरह की वारदात को अंजाम दे सकता है।
इस काम का जिम्मा हल्के के दरोगा-सिपाहियों को दिया गया है। कोतवाल के साथ सर्किल के डीएसपी इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। एएसपी भी समीक्षा करते रहेंगे। एएसपी के मुताबिक जिसके जान-माल को अधिक खतरा होगा, उसे जिला सुरक्षा समिति से समन्वय स्थापित कर चुनाव के दौरान सुरक्षा मुहैया करा दी जाएगी। विपक्षी के खिलाफ निरोधात्मक आदि की कार्रवाई भी पहले से ही कर दी जाएगी।
खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट
मंझनपुर। अपर पुलिस अधीक्षक ने चुनाव को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया है। एजेंसियां अपने स्तर से सियासी रंजिश का पता लगा रही हैं। वहीं, दूसरी ओर गांवों के अराजकतत्वों पर भी निगाह रखी जा रही है। किसे लाल कार्ड देना है और किसे नजरबंद करना है। इसकी सूची भी अभी से ही बनाई जाने लगी है। माना जा रहा है कि पुलिस ने इसी तरह तैयारियों के साथ काम किया तो चुनाव में शांति व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न होने की संभावना कम ही रहेगी।
चुनाव को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गंवई सियासी रंजिशों का पता लगाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर संबंधित नेता या दावेदार की सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा। -समर बहादुर-एएसपी