सैनी कोतवाली अंतर्गत परास गांव के सोनू गौतम दो वर्ष पहले रोजी रोटी के सिलसिले से कुवैत गए थे। मंगलवार को परिवार वालों को दूरभाष से जानकारी मिली कि करंट की चपेट में आने से सोनू की मौत हो गई। मौत की खबर पर पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
परास गांव के सोनू गौतम (26) दो वर्ष पहले रोजी रोटी के सिलसिले सें कुवैत गया था। परिवार वालों के मुताबिक सोनू विदेश में इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। सोमवार को सोनू अचानक करंट की चपेट में आ गया। दुकान मालिक ने उसे इलाज लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान सोनू ने दम तोड़ दिया। दुकान मालिक ने फोन पर मौत की खबर परिवार वालों को दी तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव को लाने के लिए तैयारी में जुट गए थे।
18 जून को थी शादी, 28 मई को था वापसी का टिकट
अजुहा। दो वर्ष पहले कुवैत गए सोनू गौतम के परिवार वालों ने बताया कि 18 जून को सोनू की शादी होनी थी। इसके लिए उसने 28 मई को गांव आने के लिए टिकट कराया था। लेकिन भगवान ने इसके पहले ही उसे उठा लिया। सोनू की मौत के बाद से परिवार के लोगों में कोहराम व्याप्त रहा।