कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए गुरुवार रात कोखराज कोतवाली से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों के दो सेल्समैन की हत्या कर दी। एक को गला घोटकर तो दूसरे को गर्दन रेतकर मौत की नींद सुलाया गया। पुलिस की ओर से सनसनीखेज वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या लेनदेन का विवाद होने की बात कही जा रही है। सुबह जानकारी पाकर अपर पुलिस महानिदेशक तथा एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी है।
कोखराज कोतवाली के समीप स्थित एक मकान की अलग-अलग शटर में अंग्रेजी व देशी मदिरा की दुकान है। सैनी इलाके के निहालपुरा गांव का राजेन्द्र जायसवाल (45) पुत्र मेवालाल इंग्लिश तो अकबरपुर सिपाह गांव का शिवप्रकाश तिवारी (50) पुत्र केदारनाथ देशी शराब की दुकान का सेल्समैन था। गुरुवार रात दुकान बंद कर दोनों बरामदे में सो गए।
इस दौरान राजेन्द्र की गला दबाकर और शिवप्रकाश की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह पड़ोसियों ने चारपाई पर सेल्समैनों की लाश पड़ी देशी देखी तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनंदन फोर्स तथा फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच की।
एसपी के मुताबिक बदमाशों का इरादा लूटपाट का नहीं रहा होगा। संभवतः रंजिश या लेनदेन के विवाद में हत्या की गई है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि हो सकता है बदमाशों ने गन पॉइंट पर लेकर सेल्समैनों से शटर की चाभी मांगी हो, न देने पर वारदात को अंजाम दिया हो। ये भी हो सकता है कि देर रात शराब देने से मना करने पर हत्या की गई हो।
पुलिस इस तरह के सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस अधिकारी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सके हैं। एसपी का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।