मंझनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाने के साथ हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का निर्देश दिया गया था। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को मानीटरिंग सेल से जोड़ दिया गया है। गुरुवार को डीआईओएस ने मानीटरिंग सेल का निरीक्षण भी किया।
नकल विहीन बोर्ड परीक्षा कराने के लिए शासन-प्रशासन प्रयासरत है। इसके लिए रोजाना नए-नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। पिछले दिनों शासन ने 20 जनवरी तक जिला एवं राज्य स्तरीय मानीटरिंग सेल सक्रिय करने का निर्देश दिया था। इसी के तहत जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में छह कंप्यूटरों से लैश एक मॉनीटरिंग सेल सक्रिय किया गया है। इस सेल से जिले भर में बनाए गए 77 परीक्षा केंद्रों को जोड़ने का निर्देश दिया गया था। गुरुवार को डीआईओएस ने सेल का निरीक्षण कर बताया कि 76 केंद्र इससे जुड़ गए हैं। उन्होंने कई परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग भी की। डीआईओएस ने बताया कि मानीटरिंग सेल से पूरे जिले के परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा सकेगी।
कौशाम्बी उमावि कोठी कनैली में नहीं मिल रहा नेटवर्क
मंझनपुर। शासन ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकार्डर के साथ हाई स्पीड इंटरनेट से जोड़ने का निर्देश दिया था। इंटरनेट के लिए बीएसएनएल, एयरटेल, जियो एवं वोडाफोन समेत चार-चार कंपनियों का विकल्प दिया गया। पर, कौशाम्बी इंटर कॉलेज कोठी कनैली में किसी भी कंपनी का नेटवर्क नहीं मिलने के कारण यह केंद्र मॉनीटरिंग सेल से नहीं जुड़ पा रहा है। डीआईओएस ने इसकी जानकारी बोर्ड ऑफिस को दे दिया है।
व्हाट्सएप ग्रुप पर होगा बोर्ड परीक्षाओं की सूचना का आदान-प्रदान
मंझनपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान जो भी सूचनाएं होगी, उनका आदान-प्रदान फोन की जगह व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए विभाग अलग से नया ग्रुप तैयार करेगा। इसमें संबंधित अधिकारियों के नंबर जुड़े रहेंगे, जिसमें जिला मुख्यालय से लेकर यूपी बोर्ड कार्यालय के अधिकारी जोड़ें जाएंगे, ताकि हर सूचना तुरंत सभी तक पहुंच सके। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के कुछ दिन पहले ही ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें जोनल,सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को भी जोड़ा जाएगा। इसी ग्रुप के माध्यम से परीक्षा संबंधी सारी सूचनाएं साझा की जाएंगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उच्चाधिकारियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।