मंझनपुर। पूरामुफ्ती के उमरछा गांव में रविवार रात एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घरेलू कलह से क्षुब्ध होकर युवक ने इस तरह का आत्मघाती कदम उठाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। युवक की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
उमरछा निवासी पन्नालाल खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करता है। रविवार को उसके छोटे बेटे नन्हई (25) का विवाद घर वालों से हो गया। इससे वह काफी क्षुब्ध था। बताया जा रहा है कि शाम को अचानक नन्हई संदिग्ध दशा में लापता हो गया।
परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच रात करीब आठ बजे घर के अंदर एक कमरे में उसकी लटकती हुई लाश देखी गई। फांसी पर लटकती लाश देख परिजनों में कोहराम मच गया। रोने-पीटने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है।