नेवादा (ब्यूरो)। नव संवत्सर के मौके पर रविवार को सरायअकिल में राष्ट्रीय स्वय सेवक संघ की ओर से पथ संचालन का कार्यक्रम किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पूरे कस्बे में घूमकर राष्ट्रीयता का संदेश दिया। समाज को संस्कारी और देश के नवनिर्माण में सहयोग का आह्वान किया। वहीं नियामतपुर कुटी पर भी नव उत्सव सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान धर्मरक्षा समिति का भी गठन किया गया।
नव संवत्सर के उपलक्ष्य में रविवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से सरायअकिल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटेल इंटर कालेज में कार्यक्रम के तहत जुटे स्वयं सेवकों को पहले पदाधिकारियों ने प्रशिक्षित किया। इस बाद पूरे कस्बे में पथ संचालन किया गया।
बैंडबाजे के साथ घोड़ों पर सवार स्वयं सेवक राष्ट्रीयता का जयघोष करते हुए पटेल इंटर कालेज से निकलकर फकीराबाद, भगौतीगंज, सब्जीमंडी, चावल मंडी, बुद्धपुरी, मोलवीगंज होते वापस लौटे। इस मौके पर जिला संघचालक केदारनाथ, डॉ. कृष्ण बिहारी पांडेय, जिला प्रचारक विनीत, जिला कार्यवाह श्रीकृष्ण, राजेंद्र प्रसाद, उदयन सिंह, भरवारी नगर पंचायत के अध्यक्ष संजय गुप्ता, शिवदानी, प्रेमचंद्र चौधरी, बृजेंद्र मिश्रा, राकेश पांडेय, सुनील सोनी, कल्लू जायसवाल, उमेश केसरवानी आदि मौजूद रहे। वहीं रविवार को ही नियामतपुर कुटी पर भी नव उत्सव सम्मेलन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता अभियान में धर्म रक्षा समिति का गठन किया गया।
सामाजिक समरसता अभियान के प्रांत प्रमुख शिवपूजन राही ने कहा कि समिति के सभी लोग गांव-गांव घूमकर लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही ओम अंकित ध्वज घर-घर लगाने का कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इस मौके पर प्रतिभा कुशवाहा, अल्प नारायण मिश्र, रमेश पाल, रमेशचंद्र सेन, शशिकांत मिश्र, पूजा तिवारी, सुनीता, सरिता कुशवाहा, बृजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।