प्राथमिक स्कूलों में 15000 सहायक शिक्षकों की भर्ती में देरी पर सोमवार को बीटीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने डायट मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। बीएसए को ज्ञापन देकर पहली जुलाई से पहले काउंसलिंग कराकर नियुक्ति देने की मांग की। अनदेखी पर अभ्यर्थियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी। बता दें कि प्राथमिक स्कूलों में 15 हजार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन कराया गया था। अभ्यर्थियों की मानें तो शासनादेश है कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के 10 दिन के भीतर काउंसलिंग कराकर नियुक्ति कर दी जाए। आरोप है कि 7 मई को आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी अब तक काउसंलिंग और नियुक्ति की तिथि घोषित नहीं की जा सकी है।
इसे लेकर अभ्यर्थियों में गुस्सा है। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने इस देरी के खिलाफ सोमवार को हुंकार भरी। नारेबाजी करते हुए डायट मैदान मंझनपुर में जुटे अभ्यर्थियों ने धरना दिया। इस दौरान भर्ती में देरी के लिए विभागीय अफसरों के साथ ही अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। कहाकि शासनादेश होने के बाद भी अब तक काउंसलिंग की तारीख घोषित नहीं किया जाना मनमानी है। धरने के बाद अभ्यर्थियों ने बीएसए को ज्ञापन दिया। इसमें काउंसलिंग की तारीख जल्द घोषित करते हुए अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द प्राथमिक स्कूलों में नियुक्ति दिए जाने की मांग की। देरी किए जाने पर अभ्यर्थियों ने आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी दी। इस मौके पर दीपा, ज्ञानेश द्विवेदी, आलोक कुमार सोनी, अभिनेंद्र प्रताप सिंह, स्वर्णिका, प्रीति, नेहा, राधिका, रिया सेठी, भयंकर, अजीत सिंह, राजेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।