ट्रांसफार्मर फुंकने से नेवादा ब्लाक के टिकरा (पनारा गोपालपुर) गांव में सात दिनों से बत्ती गुल है। इससे लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हैं। आरोप है कि शिकायत के बाद भी फुंके ट्रांसफार्मर को बदला नहीं जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने सोमवार को इसकी शिकायत एसडीओ से की। चेताया कि यदि दो दिन के भीतर ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया तो वे उपकेंद्र का घेराव करने को मजबूर होंगे।
पुरखास उपकेन्द्र से जुड़े टिकरा (पनारा गोपालपुर) गांव में बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। गांव के रहने वाले फैयाज अहमद, इमरान, प्रेमचंद्र, मोहम्मद, कयूम अहमद, कामता प्रसाद आदि ने बताया कि 25 मई की शाम जैसे ही बिजली आई अचानक तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर जल गया। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना दूसरे दिन ही उपकेन्द्र जाकर अवर अभियंता को दी गई। आरोप है कि कई बार कहने के बाद भी अब तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। इससे पूरे गांव में 7 दिनों से बिजली की आपूर्ति ठप है। गर्मी के मौसम में बिजली नहीं मिलने से जहां लोग परेशान हैं वहीं आटाचक्की, नलकूप आदि भी शो-पीस बने हैं। सिंचाई नहीं होने से सब्जी की फसलों के साथ ही उरद, मूंग आदि की फसलें सूखने लगी हैं। परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को एसडीओ से शिकायत की। चेताया कि यदि दो दिन के भीतर ट्रांसफार्मर बदल कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।