नकलमंडी सिराथू के तीन स्कूलों में बुधवार की दूसरी बेला इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की परीक्षा में सामूहिक नकल होती मिली। अलीपुर जीता, भौंतर और साढ़ो के इन स्कूलों में सामूहिक नकल होती मिलने पर बुधवार दूसरी बेला हुई परीक्षा निरस्त कर दी गई है। वहीं डीआईओएस ने तीनों स्कूलों को डिबार करते हुए इन्हें काली सूची में डालने की संस्तुति रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी है।
कौशाम्बी में इन दिनों हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 129 केंद्रों में चल रही है। प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी नकलमंडी के रूप में कुख्यात जनपद में नकल रूकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को भी दूसरी बेला इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की परीक्षा में कई परीक्षा केंद्रों में अंधाधुंध नकल होती मिली। परीक्षा केंद्रों के मुआयने पर निकले डीएम अखंड प्रताप सिंह ने कमला देवी उच्चतर माध्यमिक स्कूल भौंतर में सामूहिक नकल पकड़ी। इसी तरह से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट वीर बहादुर सिंह ने मानसिंह इंटर कालेज अलीपुर जीता में सामूहिक नकल होती पकड़ी।
इसके अलावा एसडीएम अविनाश त्रिपाठी ने नागा संत निरंकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साढ़ों में रसायन विज्ञान के पर्चे में सामूहिक नकल का भंडाफोड़ किया। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस राकेश कुमार श्रीवास्तव ने इन तीनों परीक्षा केंद्र में बुधवार को दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। साथ ही इन तीनों परीक्षा केंद्रों को डिबार करते हुए काली सूची में डाले जाने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी है।