मानदेय दिलाने के लिए आठ दिनों से हुंकार भर रहे जिला अस्पताल के संविदा पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने सोमवार को कामकाज ठप कर दिया। ठेके दार की मनमानी पर हड़ताल शुरू करने वाले कर्मियों ने नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम का घेराव करते भुगतान की मांग की। चेताया कि मानदेय मिलने के बाद ही वे काम पर लौटेंगे। डीएम ने सीएमओ को भुगतान कराने का निर्देश दिया। साथ ही संविदाकर्मियों से ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह भी दी।
जिला संयुक्त अस्पताल में सफाई समेत अन्य कार्यों के लिए ठेकेदारी पर 57 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संविदा पर रखे गए हैं। इन कर्मचारियों को जीत सिक्योरिटी इलाहाबाद ने यहां रखा है। जिला अस्पताल में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी अमित कुमार, मदनलाल, जीतेंद्र कुमार, योगेश कुमार, हरेंद्र पाल, शंभूलाल, तीरथ प्रसाद, सुनीता देवी, सुषमा देवी, रेशमा आदि ने बताया कि उन्हें 9 महीने से ठेकेदार मानदेय नहीं दे रहा है।
जबकि मानदेय के लिए वे आठ दिनों से हुंकार भर रहे हैं। इस दौरान सीएमओ, एडी स्वास्थ्य, जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया, लेकिन किसी भी स्तर पर मानदेय भुगतान कराने में गंभीरता नहीं दिखाई गई। मानदेय नहीं मिलने से भड़के संविदाकर्मियों ने सोमवार से कामकाज बंद करके हड़ताल शुरू कर दी। ठेकेदार की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हड़ताली कर्मियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम का घेराव करते हुए उन्हें फिर से ज्ञापन दिया। चेताया कि भुगतान होने के बाद ही वे काम पर लौटेंगे। डीएम अखंड प्रताप सिंह ने सीएमओ को फोन करके संविदाकर्मियों के मानदेय की दिक्कतों को दूर कराने का निर्देश दिया। साथ ही संविदाकर्मियों से तहरीर देकर ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि सीएमओ को समस्या निस्तारण को कहा गया है। मामले में कार्रवाई होगी। जल्द मानदेय भुगतान नहीं होने पर संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई की जाएगी।