यूपी बोर्ड की परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को पहली पाली में 7 नकलची पकड़े गए। नकल करते मिले परीक्षार्थियों को रस्टीकेट कर दिया गया है। शनिवार को पहली पाली में इंटर मीडिएट अर्थशास्त्र की परीक्षा थी। इस दौरान जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने जनपद के कई परीक्षा केेंद्रों का मुआयना किया।
निरीक्षण के दौरान पंडित रणजीत इंटर कालेज शहजादपुर में 5 छात्र नकल करते मिले। वहीं राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल करारी में दो छात्र नकल करते मिले। नकल करते मिले सभी परीक्षार्थियों का डीएम ने रस्टीकेट कर दिया। बता दें कि तीन दिन की परीक्षा के दौरान अब तक जिले में 10 बच्चे रस्टीकेट किए जा चुके हैं। इसमें हाईस्कूल के तीन और इंटर मीडिएट के 7 परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं परीक्षा के दौरान हो रही सख्ती के कारण अब तक कौशाम्बी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से कुल 9 हजार 632 छात्र-छात्राएं परीक्षा छोड़ चुके हैं। इनमें हाईस्कूल के 5973 और इंटरमीडिएट के 3659 परीक्षार्थी शामिल हैं।