विज्ञान के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। गांव के लोग भी वैज्ञानिक तरीके से खेती, पशुपालन करके आर्थिक रूप से मजबूत हो सकते हैं। ये बातें मंगलवार को जिला विज्ञान क्लब की ओर से लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज चायल में रोजगार और विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ आशीष श्रीवास्तव ने कही। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में दीक्षा प्रथम, शिल्पा देवी द्वितीय, कोमल सोनी तृतीय रही।
लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज चायल में मंगलवार को रोजगार संबंधी विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ आशीष श्रीवास्तव ने युवक-युवतियों को कृषि और ग्रामीण प्रौद्योगिकी की जानकारी दी। कहाकि दुग्ध उत्पादन, कृषि वानिकी, फल, फूल, शाक, वर्मी कम्पोस्ट, औषधीय, सजावटी फूल की खेती, हर्बल बागवानी, जैविक खेती, अक्षय और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने किसान, पशुपालकों को खेती और पशुपालन को वैज्ञानिक तरीके से करने की सलाह दी। कहाकि ऐसा करके लोग ज्यादा मुनाफा कमा कर खुद को आर्थिकरूप से मजबूत कर सकते हैं।
वैज्ञानिकों ने भी छात्र-छात्राओं को विज्ञान की तमाम जानकारियां दीं। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक वसीम अहमद ने बच्चों को विज्ञान प्रौद्योगिकी इंस्पायर योजना, किशोर प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अलावा विज्ञान और उच्चशिक्षा आदि की जानकारी दी। प्रधानाचार्य यज्ञ नारायण मिश्र, भीष्म सिंह, जयशंकर, मोहम्मद इस्लाम आदि रहे।
वहीं विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पोस्टर और विज्ञान भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में दीक्षा प्रथम, शिल्पा देवी द्वितीय, कोमल सोनी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं विज्ञान भाषण प्रतियोगिता में शकीना प्रथम, अरीजा फात्मा द्वितीय और रानू द्विवेदी तृतीय स्थान पर रहे। विजेता बच्चों को कृषि वैज्ञानिक ने प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किया।