मूरतगंज ब्लाक के उदाथू गांव में सोलर लाइट लगाने को लेकर तनातनी बनी हुई है। प्रधान और गांववालों ने पूर्व प्रधान पर लाइट लगवाने में अड़ंगा डालने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को डीएम से शिकायत की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जांच करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
मूरतगंज ब्लाक क्षेत्र के उदाथू गांव के प्रधान संजय कुमार और गांव के रहने वाले जीतेंद्र कुमार, हरिलाल, अर्जुन कुमार, रामराज, राजभारती, राजरानी, दुखरानी, सरोजा देवी, सुमन देवी, रानी देवी, चटकोलिया, शिवचरन आदि ने बताया कि उनके गांव में 11 सोलर लाइट आवंटित हुई है। प्रधान का कहना है कि वह बस्ती के उन इलाकों में सोलर लाइट लगवाना चाह रहा है, जहां बिजली नहीं है। पर, पूर्व प्रधान चुनावी रंजिश के कारण सोलर लाइट नहीं लगाने दे रहा है। जमीन का विवाद बताकर खंभे नहीं खड़े करने दे रहा है।
इसे लेकर गांव में तनातनी बनी हुई है। पूर्व प्रधान की इस मनमानी से परेशान गांववालों ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट आकर हुंकार भरी। डीएम को शिकायतीपत्र देकर गांववालों ने प्रकरण की जांच कराकर सोलर लाइट लगाने में अड़ंगा बने पूर्व प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी मूरतगंज को जांच का निर्देश दिया है।