सदर ब्लाक के तियरा जमालपुर गांव के मनरेगा मजदूरों ने दिहाड़ी मांगने पर दुर्व्यवहार और धमकी देने की शिकायत डीएम से की है। डीएम ने बीडीओ को जांच करके मजदूरी का भुगतान कराने का निर्देश दिया है।
सदर ब्लाक के तियरा जमालपुर गांव निवासी राम दुलार, श्रीमती देवी, विजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, सूबेदार, रामचंद्र, शिवभवन, सीताराम, इंद्रजीत, मौला, शिवमूरत, रामकली, देवकली, विमला देवी आदि ने बताया कि वे लोग मनरेगा मजदूर हैं। आरोप है कि तालाब की खोदाई समेत उनसे ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत मित्र ने कई काम कराया है। मजदूरी मांगने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। मारने की धमकी मिलती है।
मजदूरों की मानें तो सोमवार को दिहाड़ी मांगने पर पंचायत मित्र, ग्राम विकास अधिकारी और गांव के ही एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें मारने के लिए दौड़ा लिया था। आरोप है कि इसकी शिकायत करारी थाने में की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजदूरों ने बुधवार को मंझनपुर आकर मामले की शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ और एसओ करारी को जांच करके कार्रवाई करने और मजदूरों को मजदूरी का भुगतान कराने का निर्देश दिया है।