मनमाना बिजली का बिल भेजे जाने से मंझनपुर कस्बे के लोगों का बृहस्पतिवार को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग के अफसर, कर्मियों की इस मनमानी के खिलाफ डीएम का घेराव किया। मामले में जिलाधिकारी ने एक्सईएन की क्लास ली। जल्द ही कस्बे में कैंप लगवाकर बिल संसोधित कराने का भरोसा लोगों को दिलाया।
कौशाम्बी में बिजली विभाग के अफसर, कर्मचारी पूरी तरह से मनमानी पर उतारू हैं। सबसे ज्यादा मनमानी बिल को लेकर है। आलम यह है कि मंझनपुर कस्बे में मनमानी तरीके से मीटर रीडिंग कराकर लोगों को 10 गुना बिल भेज दिया गया है। घरेलू कनेक्शन के उपभोक्ताओं को 10-15 हजार रुपये का बिल थमाया गया है। लोगों का कहना है कि यह बिल मुश्किल से 1500 से लेकर 2 हजार रुपये होना चाहिए। बिजली विभाग की इस मनमानी से कस्बाईयों में जबरदस्त गुस्सा है। बुधवार को अधिशासी अभियंता से शिकायत करने के बाद कस्बे के लोगों ने बृहस्पतिवार को इस मामले में डीएम का घेराव किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कस्बाईयों ने बिजली विभाग की इस मनमानी की जांच और कार्रवाई की मांग की।
चेताया कि बिल संसोधित नहीं किया गया, तो वे बाजार बंद करके धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे। बिल संबंधी कस्बाईयों की शिकायत से खुद डीएम भी आश्चर्यचकित रह गए। उन्होंने फोन करके एक्सईएन की क्लास ली। शिकायककर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जल्द ही कस्बे में कैंप लगाकर बिल संसोधित कराया जाएगा। इस मौके पर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अंशुल केसरवानी, राजू वर्मा, राहुल अग्रहरि, गौतम वर्मा, सुमित केसरवानी, अनुराग केसरवानी, अजय मिश्र, सोनू केसरवानी, रानू केसरवानी, कुलदीप कुमार, फिरोज अहमद, इम्तियाज अहमद आदि मौजूद रहे।