लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर व्यक्ति को मतदान करने की जरूरत है। इसी मतदान से देश की तस्वीर बदलेगी। ये बातें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मंझनपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने कही। डीएम ने 18 वर्ष की उम्र पूरी होते ही युवक-युवतियों से वोटर बनने और वोट डालने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने मतदान करने की शपथ भी दिलाई। इससे पहले डायट मैदान से मंझनपुर तहसील तक रैली भी निकाली गई। इसमें बीटीसी प्रशिक्षु, कैटेडों के साथ स्कूली बच्चे शामिल रहे।
कौशाम्बी में राष्ट्रीय मतदाता दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। मंझनपुर तहसील में कार्यक्रम की शुरूआत लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाने से हुई। इस दौरान डीएम अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए एक-एक वोट अहम है। उन्होंने चुनाव के दौरान लगातार बढ़ रहे मत प्रतिशत पर खुशी का इजहार किया। कहाकि लोग जागरूक हो रहे हैं। यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। एसडीएम मंझनपुर नरेन्द्र बहादुर सिंह ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रकाश डाला।
बताया कि आज ही के दिन देश में निर्वाचन आयोग का गठन हुआ था। जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसमें स्कूली बच्चों के साथ बीटीसी प्र्रशिक्षु, कैडेटों के अलावा अफसर, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ही समाजसेवियों ने भी हिस्सा लिया। इसी तरह चायल और सिराथू तहसील, नगर पंचायत भरवारी, अजुहा आदि में भी मतदाता जागरूकता दिवस पर रैली और गोष्ठी का आयोजन किया गया है। मूरतगंज स्थित विश्वनाथ प्रसाद महाविद्यालय में भी मतदाता दिवस पर गोष्ठी हुई। कालेज के छात्र-छात्राओं ने अनिवार्यरूप से मतदान करने की शपथ ली।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्र ने सोमवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पुलिस कार्यालय में गोष्ठी करके जहां पुलिस अफसरों और कर्मियों को मतदाता बनने का आह्वान किया। वहीं गोष्ठी के बाद सभी को मतदान की शपथ दिलाई। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय, सीओ सिटी रमाकांत यादव, सीओ सिराथू जर्नादन तिवारी, सीओ चायल रामभवन यादव आदि मौजूद रहे। वहीं नेहरू युवा केंद्र द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। केंद्र के अकाउंटेट सत्यनारायण सिंह ने कहा कि युवाओं को मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। गोष्ठी में मुख्य रूप से इम्तियाज अहमद, राहुल अग्रहरि, अंकित केशरवानी, मोहम्मद वसी आदि मौजूद रहे।