लोहिया आवास नहीं मिलने से परेशान सिराथू के रसीदमई गांव के गरीबो का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी ने एसडीएम सिराथू को जांच कर पात्रों को लोहिया आवास दिलाए जाने का निर्देश दिया है।
कड़ा ब्लाक के रसीदमई गांव के रहने वाले भोलानाथ, इंम्तियाज, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद रज्जाक, रमेश कुमार, कंधई लाल, गफार अहमद आदि ने बताया कि वे गरीब भूमिहीन परिवार के है। कच्चा मकान में किसी तरह गुजारा कर रहे है। ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी द्वारा पात्र गरीबों को लोहिया आवास न देकर आपात्रों को आवंटित किया जा रहा है। जिनके पास पक्का मकान और ट्रैक्टर है। आवास आवंटन में धांधली की शिकायत कई बार खंड विकास अधिकारी से की गई। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
आवास नहीं मिलने से परेशान गरीबों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। कलेक्ट्रेट आकर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणोंने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर आपात्रों को लोहिया आवास दिए जाने की शिकायत की। इसी तरह सौरई बुजुर्ग गांव की रहने वाली सीमा देवी, उर्मिला देवी, मुन्नी देवी, केशादेवी आदि ने भी आवास के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने एसडीएम सिराथू को प्रकरण की जांच करके लाभार्थियों को आवास दिलाए जाने का निर्देश दिया है।