करारी क्षेत्र के बंधुरी रसूलपुर गांव निवासी लल्लन उर्फ तोड़ी और उसकी पत्नी सीमा देवी की 5 जनवरी को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मेहनत-मजदूरी करने वाले दंपती की मौत से 6 बच्चे आरती (15), सोनू (10), मोनी (8), सोनी (6), कांति (4) और शांति (9 माह) अनाथ हो गए हैं।
इन बच्चों को अब तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन पर पूर्वमंत्री इंद्रजीत सरोज और अन्य बसपाइयों ने अपनी ओर से इन बच्चों की आर्थिक मदद की थी। वहीं मां-बाप के दुनिया में नहीं रहने से अनाथ बच्चों के पास रहने के लिए घर में नहीं है। एक कच्ची मिट्टी की कोठरी है।
वह भी जर्जर है। किसी भी रोज बारिश में जमींदोज हो सकती है। इसे देखते हुए मंगलवार को गांववाले बच्चों को लेकर मंझनपुर तहसील आए थे। बच्चों ने प्रार्थनापत्र देकर एसडीएम से आवासीय मदद की गुहार लगाई। प्रार्थनापत्र लेकर एसडीएम ने जल्द ही इन बच्चों को इंदिरा अथवा लोहिया आवास उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।