जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद अब ब्लाक प्रमुख पद हथियाने में कद्दावर जुट गए हैं। कौशाम्बी के सभी आठ ब्लाकों में प्रमुख पद के उम्मीदवार अपनी तैयारी में जुटे हैं। सबसे ज्यादा घमासान गंगा तराई यानी कड़ा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। जहां सीधे-सीधे दो प्रत्याशियों के बीच अभी से एक-एक वोट को हथियाने की कवायद शुरू हो गई है। बीडीसी सदस्यों को पाले में लाने के लिए उन्हें एक-एक लाख रुपये के साथ मनपसंद मोटरसाइकिल तक का प्रलोभन दिया जा रहा है।
कौशाम्बी में मंझनपुर, सिराथू, कड़ा, मूरतगंज, चायल, नेवादा, कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक हैं।
जिपं अध्यक्ष चुनाव के बाद अब प्रमुख पद हथियाने की राजनीति तेज हो गई है। सभी ब्लाकों में प्रमुख की कुर्सी पर कब्जे के लिए गणित लगाने में रसूखदार जुट गए हैं। बीडीसी सदस्यों से मुलाकातों का दौर सुबह से लेकर देर रात तक चलता है। हालांकि प्रमुख पद पर सबसे ज्यादा घमासान इस बार कड़ा ब्लाक में देखने को मिल रहा है। बता दें कि कड़ा में इस बार प्रमुख पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित है। भले ही अभी सपा, बसपा समेत किसी भी राजनैतिक दल ने अपने किसी भी समर्थित उम्मीदवार की घोषणा सार्वजनिक तौर पर नहीं की है, लेकिन यहां दो व्यक्तियों ने पूरी ताकत से प्रमुख बनने की अपनी कोशिश शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि इसमें एक व्यक्ति तो समाजवादी पार्टी से जुड़े भी हैं। खुद को प्रमुख पद पर पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर पेश करते हुए वह एक-एक बीडीसी को रिझाने में लगे हैं। बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में खींचने के लिए 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये और बाइक तक का लालच भी दे रहे हैं।